रविवार, 14 जून 2015

यशस्वी हों आनंद हमारे...

नमस्कार। रविवार है आज। रात हो चली है। कुछ देर बाद सिस्टम बंद कर दूंगा। इससे पहले कि आज लिखना पढ़ना बंद हो कुछ उल्लेखित कर देना चाहता हूं। सुबह शुभम के मोबाइल पर फोन आया। उनके फुफा जी का। गजियाबाद के लोनी से। बोले व्हाट्स एप खोलो। शुभम् ने व्हाट्स एप चालू किया तो दिल को धड़काने वाली तस्वीरें आईं। भांजे आनंद थे इस तस्वीर में हाथ में प्लास्टर लिए हुए। बेबी (बहन) ने बताया कि शनिवार को खेलते -खेलते हाथ तुड़वा बैठे हैं। कच्चा प्लास्टर हुआ है अभी। दो तीन दिन में पक्का लगेगा। आज यानी १४ जून को आनंद का जन्मदिन था। सोचा था कि शुभकामनाएं दूंगा। शुभकामनाएं दीं, अनमने मन से। क्या करता। आनंद दीघार्यु हों। भांजे के लिए कोई मामा आखिर और क्या दुआ कर सकता है।
दिन में सोचा था, कुछ लिखूंगा ब्लाग पर। इसी दौरान एक और खबर को लेकर उलझ गया मन। यह खबर थी सुषमा स्वराज को लेकर। क्रिकेट को कारोबार बनाने वाले ललित मोदी की मदद का आरोप लगा है उन पर। सुषमा जी की सफाई है कि ललित मोदी की पत्नी को कैंसर हुआ था। आपरेशन होना था। ललित मोदी की कंसेंट चाहिए थी। इसलिए वीजा वांछित था। इस वीजे के लिए उन्होंने ब्रिटिश अधिकारियों से कहा था मानवीय आधार पर। मुझे लगता है कि इसमें गलत कुछ नहीं। आखिर फांसी देने से पहले भी तो रवायत रही है आखिरी ख्वाहिश पूछने की।  अब कांग्रेस के मित्र इस्तीफा मांग रहे हैं सुषमा स्वराज से। उनसे एक सवाल है कि वारेन एंडरसन को भागाने वाले नेता जी के लिए क्या किया था उन्होंने ? तब क्या तत्कालीन प्रधानमंत्री और संबंधित सूबे के मुख्यमंत्री ने इस्तीफा दिया था। वारंट पर भोपाल आए थे वारेन एंडरसन। भोपाल गैस त्रासदी के बाद। उस त्रासदी के बाद जिसमें तीन हजार लोगों की मौत हुई थी और आज भी लोग उस त्रासदी से पीड़ित हैं किसी न किसी रूप में। एंडरसन साहब को तब जिस काली अंबेसडर कार से वायुयान तक भेजा गया था, वह किसकी थी, शायद याद नहीं होगा कांग्रेसियों को। मुझसे एक बार किसी ने कहा था-शीशे के घर रहने वाले दूसरों के घर में पत्थर नहीं फेंकते। पर ऐसा ही होता रहेगा। दरअसल सत्ता और विपक्ष में बैठते ही हमारे दलों का चिंतन बदल जाता है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

दुनिया, राजनीति और फैसले

 सप्ताहनामा  ------------- सबसे पहले सबको गेगेरियन कैलेंडर के वर्ष 2023 की शुभकामनाएं। हर साल की तरह इस साल भी संकल्प ले रहा हूं गुडी गुडी (...